Connect with us

गाजीपुर

यूपीटेट-2026 की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

सीसीटीवी, सुरक्षा, पेयजल और बैठने की व्यवस्था पर दिए निर्देश, नकलविहीन परीक्षा कराने पर जोर

गाजीपुर। 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट-2026) को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बुधवार को यूसुफपुर मोहम्मदाबाद स्थित अष्ट शहीद इंटर कॉलेज एवं डॉ. एम.ए. अंसारी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और मेडिकल टीम की व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रहे। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम को लगातार संचालित रखने तथा परीक्षा से जुड़े सभी प्रबंध समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Advertisement

उन्होंने कक्ष निरीक्षकों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर परीक्षा संचालन संबंधी गाइडलाइन की जानकारी दी तथा पूरी पारदर्शिता और सतर्कता के साथ परीक्षा संपन्न कराने पर जोर दिया। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर रहेगी कड़ी निगरानी

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह या अनुशासनहीनता पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाए और किसी भी स्थिति में मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा कक्ष के अंदर न जाने पाए।

Advertisement

प्रशासन ने निष्पक्ष परीक्षा के लिए की व्यापक तैयारी

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मोहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी, संबंधित विभागीय अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने कहा कि यूपीटेट-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page