Connect with us

गाजीपुर

मुठभेड़ में हत्यारोपी घायलावस्था में गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर) जयदेश। जिले की थाना करीमुद्दीनपुर पुलिस ने हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त दो बाँस के डंडे और एक कुल्हाड़ी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे, तभी अभियुक्त शक्ति नरायण राय पुत्र स्व. विजय नरायण राय की निशानदेही पर हरदासपुर स्थित आशुतोष राय के आम व सागौन के बगीचे से आलाकत्ल बरामद कराया जा रहा था। इसी दौरान अभियुक्त ने आरक्षी कमलेश यादव को झटका देकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर अभियुक्त ने बगीचे में छिपाए गए अवैध असलहे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा संतुलित जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें अभियुक्त के दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई। इसके बाद उसे धारा 109(1), 262 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त पहले से ही थाना करीमुद्दीनपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 78/2026 धारा 191(2), 103(1) बीएनएस का भी आरोपी है।

घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बाराचवर भेजा गया। साथ ही थाना करीमुद्दीनपुर में उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 81/2026 धारा 109(1), 262 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

गिरफ्तार अभियुक्त शक्ति नरायण राय निवासी ग्राम नेवादा, थाना करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2020 से 2022 के बीच मारपीट, चोरी, शांति भंग और गंभीर अपराधों से जुड़े मामले शामिल हैं। वर्ष 2022 में उसके खिलाफ धारा 302, 307 सहित अन्य गंभीर धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो बाँस के डंडे, एक कुल्हाड़ी, एक तमंचा .315 बोर तथा एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया है। इस पूरी कार्रवाई को थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल के नेतृत्व में थाना करीमुद्दीनपुर पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page