Connect with us

मिर्ज़ापुर

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन की अव्यवस्थाओं पर सभासदों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

ऑटो-कार प्रवेश, अवैध वसूली और ट्रेनों के ठहराव समेत कई मांगें उठाईं

नगर विधायक ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

मिर्जापुर। लालडिग्गी स्थित नगर पालिका परिषद के सभासदों ने नगर विधायक रत्नाकर मिश्र को ज्ञापन सौंपकर मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण के बाद उत्पन्न विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में यात्रियों की सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और रेलवे प्रशासन से जुड़े कई मुद्दों के समाधान की मांग की गई।

ऑटो-कार प्रतिबंध से यात्रियों को परेशानी

सभासदों ने बताया कि स्टेशन के नवीनीकरण के बाद मुख्य प्रवेश द्वार तक ऑटो और कारों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, जिससे यात्रियों को भारी सामान लेकर पैदल चलना पड़ रहा है। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर ट्रॉली की व्यवस्था करने तथा निर्धारित समय के लिए ऑटो और कारों को मुख्य गेट तक जाने की अनुमति देने की मांग की।

अवैध वसूली और ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा उठाया

ज्ञापन में रेलवे परिसर में कथित अवैध वसूली की शिकायत भी दर्ज कराई गई। सभासदों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के बावजूद वाहन चालकों से शुल्क वसूला जा रहा है। इसके अलावा मिर्जापुर में स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के ठहराव, चुनार-बरवाडीह पैसेंजर का विस्तार मिर्जापुर तक किए जाने तथा लखनऊ के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की भी मांग की गई।

Advertisement

अतिक्रमण और अवैध रास्तों पर कार्रवाई की मांग

सभासदों ने रेलवे स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों पर अतिक्रमण हटाने तथा रेलवे कॉलोनी के भीतर खुले अवैध मार्ग को बंद कराने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि इस मार्ग के दुरुपयोग की शिकायतें लगातार मिल रही हैं और पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही कुछ लोगों ने मिर्जापुर और चुनार स्टेशन पर तैनात एक अधिकारी के स्थानांतरण की मांग भी उठाई।

विधायक ने दिया कार्रवाई का भरोसा

नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे संबंधित रेलवे अधिकारियों एवं डीआरएम से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर सत्य-तारिणी जायसवाल, रतन कुमार, राहुल वर्मा, अजय वर्मा, धीरज सोनकर, अमित कुमार मिश्रा, पुनीत मिश्रा, बबलू मौर्या, राधेश्याम गुप्ता, श्रीनिवास अग्रहरि, शनि चौधरी सहित अनेक सभासद उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page