गाजीपुर
महिला और टोटो चालक के बीच विवाद, स्टेशन के पीछे जुटी भीड़
छेड़खानी और अभद्र व्यवहार के आरोप-प्रत्यारोप, पुलिस में शिकायत नहीं
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के पीछे गुरुवार सुबह एक महिला और टोटो चालक के बीच हुए विवाद के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंदा नामक महिला और जहानगंज निवासी टोटो चालक अमित कुमार सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर महिला ने चालक की पिटाई कर दी, जिससे मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। बाद में स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया।
महिला पक्ष का आरोप है कि यात्रा के दौरान चालक ने अभद्र व्यवहार किया, जिससे नाराज होकर यह विवाद हुआ। वहीं टोटो चालक का कहना है कि उसने केवल किराया मांगा था, जिसके बाद महिला ने उसके साथ मारपीट की।
घटना के समय महिला के साथ मौजूद उसकी भौजाई ने भी चालक पर अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया। दूसरी ओर चालक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
कुछ देर बाद दोनों पक्ष मौके से चले गए। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
