वाराणसी
मनीष सिंह हत्याकांड : करणी सेना ने की रासुका लगाने की मांग
वाराणसी। भरथरा निवासी मनीष सिंह की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। जिला अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, डीसीपी क्राइम तथा डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार की ओर से पक्ष रखते हुए प्रशासन से आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई करने की मांग की, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी के निर्देश पर जल्द ही प्रशासन को औपचारिक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। साथ ही करणी सेना के पदाधिकारी लगातार पुलिस अधिकारियों से संपर्क में रहकर मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, प्रशासन की ओर से मामले में कार्रवाई जारी है, लेकिन करणी सेना के बढ़ते दबाव के चलते प्रकरण और अधिक संवेदनशील होता जा रहा है।
