वाराणसी
भीषण गर्मी में बारिश ने किया संजीवनी बूटी का काम
रिपोर्ट – सुभाष चंद्र सिंह
बनारस। भीषण गर्मी के बढ़ते प्रकोप के कारण बनारस समेत पूरे देश के लोग परेशान हैं। रविवार को बनारस का पारा 49 डिग्री सेल्सियस रहा जो सर्वाधिक था। वहीं सोमवार और मंगलवार के दिन पारा 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन फिर भी गर्मी बरकरार रही। मंगलवार को रात 10: 10 बजे तेज बारिश ने काशीवासियों को काफी सुकून दिया। बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चली जिससे मौसम एकदम सुहाना हो गया। शहर के कई क्षेत्रों में कहीं तेज, तो कहीं मध्यम बारिश होती रही। इस दौरान कुछ युवा बारिश में भीगते हुए बाइक चलाते दिखे। बारिश होने से रात का टेंपरेचर 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार को भी बारिश का आसार जताया हैं। ऐसे में लगातार दो से तीन दिन बारिश होने के बाद काशीवासियों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी।लोगों को कुछ दिन तक हीट वेव का सामना नहीं करना पड़ेगा। फिर भी इस बदलते मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
