बलिया
भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र
लक्ष्मीकांत की प्रतिमा पर माल्यार्पण, शहीद स्मारक पर वीर सपूतों को दी श्रद्धांजलि
महाराजगंज (बलिया)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ता भारत माता की जय और ‘तिरंगा है आन हमारी, तिरंगा है शान हमारी’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
तिरंगा यात्रा ब्लॉक परिसर से शुरू होकर बजरंग चौक, पुराना चौक, थाना रोड, सहदेवगंज रोड और बिलरियागंज रोड होते हुए नया चौक पहुंची। यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लक्ष्मीकांत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद यात्रा चौक होते हुए ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंची, जहां देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा का समापन हुआ।
एकता और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। देश की आन-बान और शान के लिए अनेक वीर जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिसे देशवासी हमेशा याद रखेंगे।
यात्रा का जगह-जगह स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पारसनाथ यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य निरंजन कुमार, विशाल सेठ, सच्चिदानंद मिश्रा, सूचीव्रत द्विवेदी, रामधनी यादव, अशोक कुमार मौर्य, भूपेश मिश्रा, सुभाष जायसवाल सहित मंडल पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
