Connect with us

भदोही

भदोही पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान जारी

Published

on

Loading...
Loading...

दूसरे दिन 1,288 वाहनों की जांच, 298 चालान और एक वाहन सीज

भदोही। वाहन चोरी पर अंकुश लगाने तथा श्रावण मास में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सात दिवसीय विशेष अभियान के तहत भदोही पुलिस ने दूसरे दिन भी जनपदभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में यह अभियान 3 अगस्त से 9 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से 8 बजे तक जनपद के 50 चेकिंग प्वाइंटों पर संचालित किया जा रहा है।

हेलमेट, ड्रंक एंड ड्राइव और संदिग्ध वाहनों पर रही विशेष नजर

अभियान के दौरान बिना हेलमेट और तीन सवारी के साथ चलने वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा अल्कोहल मीटर से ड्रंक एंड ड्राइव की जांच, बिना नंबर प्लेट एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग तथा यक्ष ऐप के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और आवश्यकतानुसार वाहन सीज किए गए।

दूसरे दिन 298 वाहनों का चालान

अभियान के दूसरे दिन 1,288 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट और तीन सवारी के मामलों में 139 चालान, शराब या नशीले पदार्थ के सेवन से जुड़े 28 मामलों में कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट वाले 18 वाहनों पर कार्रवाई तथा 25 संदिग्ध व्यक्तियों का यक्ष ऐप से सत्यापन किया गया। कुल 298 ई-चालान किए गए और एक वाहन सीज किया गया।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण, अतिक्रमण भी हटवाया

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह के साथ औराई चौराहे पर चेकिंग अभियान का निरीक्षण किया तथा सड़क किनारे अतिक्रमण हटवाया। वहीं क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा ने ज्ञानपुर कस्बे में वाहन चेकिंग अभियान का नेतृत्व किया।

Advertisement

यातायात नियमों के पालन की अपील

भदोही पुलिस ने आमजन से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, तीन सवारी न बैठाने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज और नंबर प्लेट सही रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page