गोरखपुर
बेकाबू ट्रैक्टर ने किशोर को कुचला
अनट्रेंड चालक और प्रशासनिक लापरवाही से क्षेत्र में बढ़ रहे हादसे
गोरखपुर के खजनी क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का इस्तेमाल खुलेआम खनन में किया जा रहा है, और इन्हें अनट्रेंड व नाबालिग चालकों से चलवाकर मालिक अपनी जेब गर्म कर रहे हैं। हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि आम लोगों का सड़कों पर चलना तक मुश्किल हो गया है।
ताजा मामला बुधवार सुबह करीब 8 बजे डोडो-सहिदाबाद मार्ग का है, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 15 वर्षीय किशोर दक्ष विजय नाथ (पुत्र चन्द्र विजय, निवासी सहिदाबाद) को कुचल दिया। हादसे में किशोर के सिर में गंभीर चोट आई है। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आरोप है कि पुलिस के समय पर न पहुंचने का फायदा उठाकर ट्रैक्टर मालिक वाहन को मौके से हटाकर अपने घर ले गया। इससे कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खजनी क्षेत्र के कटघर-बिगही मार्ग, डोडो-सहिदाबाद मार्ग और सतुआभार-नैपुरा मार्ग पर दिन-रात अवैध मिट्टी खनन का खेल चल रहा है। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर न सिर्फ नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि तेज ध्वनि में अश्लील गीत बजाकर सड़क पर दहशत फैलाते हैं। कई चालक नशे की हालत में वाहन चलाते देखे गए हैं, जो हादसों की बड़ी वजह बन रहा है। सड़क किनारे रहने वाले लोग धूल और प्रदूषण से त्रस्त हैं। बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन सब कुछ जानते हुए भी आंखों पर पट्टी बांधे बैठा है। क्षेत्रीय जनता की मांग है कि अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, अनट्रेंड चालकों पर सख्त कार्रवाई हो और दोषी ट्रैक्टर मालिकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
