गाजीपुर
बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे डीएम-एसपी, सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा
नरवा घाट पर नाव और लाइफ जैकेट बढ़ाने के निर्देश, बिरऊपुर-हसनपुरा में ग्रामीणों से जानी समस्याएं
गाजीपुर। तहसील सेवराई क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बुधवार को विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत नरवा घाट से हुई। डीएम ने घाट पर पर्याप्त संख्या में नाव और लाइफ जैकेट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीढ़ियों के नीचे बांस की जाली लगाने को कहा, ताकि कोई व्यक्ति तेज बहाव वाले क्षेत्र में न जा सके और हादसे की आशंका को कम किया जा सके।

इसके बाद डीएम और एसपी ने ग्राम पंचायत बिरऊपुर एवं हसनपुरा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। डीएम ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।
खाद्य सामग्री, दवाओं और चारे की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। जरूरत के अनुसार आवश्यक दवाओं का वितरण कराया जा रहा है। पशुओं के लिए भी पर्याप्त मात्रा में चारे की व्यवस्था कर गांवों में उपलब्ध कराया जा रहा है।
डीएम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे तेज बहाव वाले पानी के पास न जाएं और बच्चों को भी पानी वाले क्षेत्रों में जाने से रोकें। उन्होंने कहा कि सभी लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। आवश्यकता के अनुसार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सेवराई, तहसीलदार सेवराई सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
