गाजीपुर
फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी
पंखे से लटका मिला युवक, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
बहरियाबाद (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के रायपुर बाजार स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में गुरुवार सुबह कर्मचारी का शव पंखे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के अनुसार राजापुर निवासी 30 वर्षीय इंद्रजीत यादव, पुत्र स्वर्गीय फौजदार यादव, रायपुर बाजार स्थित विनयना इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस प्रा. लि. में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। बुधवार की रात वह कंपनी के प्रबंधक धर्मेंद्र यादव के साथ एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यालय लौटे थे। दोनों कार्यालय के ऊपरी तल पर सोए थे।

गुरुवार सुबह करीब आठ बजे प्रबंधक धर्मेंद्र यादव जब नीचे स्थित कार्यालय में पहुंचे तो इंद्रजीत यादव का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला। शव के दोनों पैर मुड़कर सामने रखी टेबल पर टिके हुए थे। यह दृश्य देखकर उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।
थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। मृतक के चाचा राधेश्याम यादव की तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि उक्त फाइनेंस कंपनी फातिमपुर निवासी जयप्रकाश यादव के रायपुर बाजार स्थित मकान के दूसरे तल पर संचालित होती है। इंद्रजीत यादव के पिता का बचपन में ही निधन हो गया था, जिसके बाद उनका पालन-पोषण उनके बड़े पिता ने किया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़े पिता कान्ता यादव, बड़ी मां सावित्री देवी और माता सुनरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
