गोरखपुर
प्रेम संबंध से आहत युवती ने की खुदकुशी, सौतेले भाई के खिलाफ मुकदमा
पिता की तहरीर पर हरपुर-बुदहट पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 में दर्ज किया केस
हरपुर-बुदहट। थाना क्षेत्र के कटसहरा ग्राम पंचायत के चांदपार गांव में प्रेम संबंध से आहत एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी सौतेले भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 के तहत कार्रवाई की है।
रिश्ते को लेकर परिवार करता था विरोध
चांदपार निवासी राजकुमार प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी उजाला का प्रेम प्रसंग उसके सौतेले भाई अमित प्रजापति के साथ चल रहा था। परिवार के लोगों के साथ ही गांव के कुछ संभ्रांत लोगों ने रिश्ते में भाई-बहन होने के कारण इस संबंध का विरोध किया था।
पिता के अनुसार विरोध के बावजूद अमित उनकी बेटी से लगातार फोन पर बातचीत करता रहा। इससे आहत होकर उजाला ने 2 सितंबर की रात भोजन करने के बाद कमरे में जाकर छत की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की थी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर अमित प्रजापति के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
