गोरखपुर
तहसील दिवस में 85 शिकायतें, छह का मौके पर निस्तारण
अधिकांश मामले राजस्व से जुड़े, पोखरे की खुदाई न होने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
गोलाबाजार, गोरखपुर। 5 सितंबर। गोला तहसील सभागार में शनिवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व जयप्रकाश की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 85 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 79 मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित
तहसील दिवस में अन्य तहसील दिवसों की अपेक्षा शिकायतकर्ताओं की भीड़ कम रही। प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे। इसके अलावा पुलिस, समाज कल्याण, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें भी अधिकारियों के सामने रखी गईं।
लेखपाल पर रिपोर्ट नहीं देने का आरोप
बड़हलगंज थाना क्षेत्र के कुलदवाबारी निवासी तबारक हुसैन ने हल्का लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक पर न्यायालय में चल रहे तबारक हुसैन बनाम ग्राम सभा वाद में रिपोर्ट नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि खतौनी दुरुस्त कराने के लिए मामला न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन संबंधित राजस्व कर्मियों द्वारा रिपोर्ट नहीं दी जा रही है। आरोप है कि पत्रावली भी अपने पास रख ली गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी तहसील दिवस पर शिकायत की जा चुकी है।
चौराहे पर अतिक्रमण की शिकायत
उपनगर निवासी कमलेश यादव ने नगर पंचायत के चंद चौराहे पर सड़क के दोनों तरफ ठेला आदि लगाकर किए गए अतिक्रमण की शिकायत की। उन्होंने अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की।
2024 से पोखरे की खुदाई का इंतजार
नगर पंचायत के जाईपार निवासी मुनेन्द्र मिश्र ने पोखरे पर कब्जे और उसकी खुदाई नहीं कराए जाने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 से लगातार पोखरे की खुदाई के लिए शिकायत की जा रही है, लेकिन नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर वह मामले को लेकर हाईकोर्ट जाने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी नगर पंचायत एवं तहसील प्रशासन की होगी।
अधिकारी रहे मौजूद
समस्याओं के समाधान के लिए एसडीएम गोला मनीष कुमार, तहसीलदार सत्येंद्र कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार बालचंद चौहान, जयप्रकाश भास्कर एवं अभिषेक सोनी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बीडीओ गोला दिवाकर सिंह, प्रतीक राय, कृष्ण कुमार, केएम उपाध्याय, रमेश चंद कुशवाहा, एसडीओ सुशील सोनी, लल्लन प्रसाद, समाज कल्याण विभाग के सुनील कुमार यादव, रमेश पांडेय, राजस्व निरीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
