देवरिया
प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग पर रेलवे टावर पर चढ़ी किशोरी
देवरिया। एक किशोरी अपने प्रेमी को जेल से रिहा कराने की मांग को लेकर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित टावर पर चढ़ गई। करीब एक घंटे तक चले समझाने-बुझाने और पुलिस के आश्वासन के बाद वह नीचे उतरी।
बताया गया कि किशोरी का ननिहाल बरियारपुर थाना क्षेत्र के रामनगर में है, जहां वह रह रही थी। उसका रामनगर निवासी प्रिंस यादव पुत्र गुड्डू यादव से प्रेम संबंध था। किशोरी के पिता ने उसके लापता होने की रिपोर्ट गौरीबाजार थाना में दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस ने 24 अप्रैल को प्रेमी प्रिंस यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। प्रेमी के जेल जाने से नाराज किशोरी सोमवार को रेलवे स्टेशन परिसर पहुंची और टावर पर चढ़ गई।
मौके पर पहुंचे आरपीएफ इंस्पेक्टर आस मोहम्मद और जीआरपी एसआई सौरभ सिंह ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। बाद में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली राकेश राय भी पहुंचे। अधिकारियों ने किशोरी को आश्वासन दिया कि उसकी बात पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद वह टावर से नीचे उतर आई। किशोरी के सुरक्षित नीचे आने पर पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
