देवरिया
एटीएम बदलकर ठगी करने वाला शातिर चोर पुलिस के लिए बना चुनौती, पहचान बताने वाले को मिलेगा इनाम
देवरिया। जनपद की कोतवाली पुलिस इन दिनों एक ऐसे शातिर ठग की तलाश में जुटी है, जिसने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने का नया तरीका अपनाया है। पुलिस के अनुसार आरोपी खासतौर पर एटीएम पर पहुंचे नेत्रबाधित और भोले-भाले लोगों को निशाना बनाता था। मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से पैसे निकाल लेता था।
मामले में थाना कोतवाली देवरिया में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की तस्वीर मिली है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। यही वजह है कि पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तस्वीर जारी करते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति इस शातिर ठग को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी देता है, तो उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम भी दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अपराधी समाज के विश्वास को तोड़ने का काम करते हैं। खासकर कमजोर और जरूरतमंद लोगों को निशाना बनाना बेहद शर्मनाक है। इसलिए जनता की सतर्कता और सहयोग से ही ऐसे अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की मदद लेने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
