बलिया
पूर्व विधायक उमाशंकर सिंह को वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति ने दी श्रद्धांजलि
शोकसभा में वक्ताओं ने बताया गरीबों का मसीहा, जनसेवा और विकास कार्यों को किया याद
बलिया। वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति के कार्यालय पर समिति के अध्यक्ष रामनाथ पासवान की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित कर पूर्व बसपा विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनके आकस्मिक निधन पर उपस्थित लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें सर्वसमाज का लोकप्रिय नेता और गरीबों का मसीहा बताया।
समिति के मंत्री सूरज समदर्शी ने कहा कि स्वर्गीय उमाशंकर सिंह ने समाजसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और जनसेवा की भावना के कारण वह आम लोगों के बीच लोकप्रिय रहे। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह के निधन से बलिया ने एक सच्चा समाजसेवी खो दिया है, जिसकी भरपाई करना कठिन है।
वक्ताओं ने कहा कि दिवंगत विधायक हमेशा जरूरतमंदों और कमजोर वर्गों की सहायता के लिए आगे रहते थे। उनके सामाजिक और विकास कार्यों को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोकसभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर राजेंद्र यादव, मोतीलाल राम, सूबेदार दुबे, महमूद आलम, लक्ष्मण यादव, राकेश पांडे, रामदेव गौतम, वीर बहादुर, ओम प्रकाश, नागेंद्र श्रीवास्तव, शिवकुमार, नंदलाल, जयराम सिंह, सिद्धनाथ यादव, शैलेंद्र कुमार और अमन कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
