वाराणसी
पुलिस लाइन में परेड और दंगा नियंत्रण ड्रिल आयोजित
पुलिसकर्मियों की परखी गई मुस्तैदी
वाराणसी। पुलिस लाइन परिसर में शुक्रवार सुबह पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में परेड, सैनिक सम्मेलन और दंगा नियंत्रण ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान डीसीपी प्रमोद कुमार ने पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अनुशासन, सुरक्षा व्यवस्था और संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की।
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि दंगा नियंत्रण ड्रिल के दौरान पुलिस बल को आपात परिस्थितियों से निपटने संबंधी जानकारी दी गई। वहीं दंगा निरोधक वाहन समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच कर उनकी कार्यक्षमता परखी गई। अर्दली रूम का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने अभिलेखों और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन स्थित मेस में भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई। अधिकारियों ने साफ-सफाई बनाए रखने और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। ड्यूटी रोस्टर की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिया गया कि कोई भी पुलिस कर्मी लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनात न रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस लाइन में प्रवेश करने वाले बाहरी व्यक्तियों और वाहनों का विवरण अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। घुड़सवार दल और स्वान दल की व्यवस्थाओं एवं देखरेख का भी जायजा लिया गया।
इसके अलावा यूपी-112 की गाड़ियों की जांच कर उनकी उपलब्धता और उपकरणों की स्थिति का निरीक्षण किया गया। परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी अवलोकन करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।
