बलिया
पुलिस में बड़ा फेरबदल, 20 उपनिरीक्षकों समेत 105 पुलिसकर्मियों के तबादले
कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए एसपी ने जारी किए स्थानांतरण आदेश
कई चौकी प्रभारियों की बदली जिम्मेदारी, पुलिस लाइन से 60 जवान थानों में भेजे गए
बलिया। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शुक्रवार देर रात जारी आदेश के तहत 20 उपनिरीक्षकों (एसआई) सहित 105 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस दौरान कई चौकी प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जबकि पुलिस लाइन से करीब 60 जवानों को विभिन्न थानों एवं शाखाओं में तैनात किया गया है।
कई चौकी प्रभारियों का बदला कार्यक्षेत्र
स्थानांतरण आदेश के अनुसार लालबचन राय को रेवती से नरही, मकबूल आलम को नरही से उभांव और रामधारी सोनकर को उभांव से रेवती भेजा गया है। इसी तरह अमरनाथ को पकड़ी से बैरिया पिंक चौकी प्रभारी तथा राजधर यादव को बैरिया पिंक चौकी से पकड़ी की जिम्मेदारी दी गई है। मुकेश यादव को पकड़ी से मनियर और संजय यादव को मनियर से पकड़ी स्थानांतरित किया गया है।
कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
एसपी के आदेश के तहत भैयालाल को एएचटी थाने से फील्ड यूनिट, प्रमोद कुमार को नरही, सुनील को बेरुआरबारी, श्रीकृष्ण प्रजापति को इब्राहिमपट्टी चौकी प्रभारी तथा रंजीत कुमार को सहतवार कस्बा चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा आदित्य, प्रशांत, ऋषिकेश, विश्वदीप, पवन और दुर्गेश को भी विभिन्न चौकियों और शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद
पुलिस विभाग के अनुसार यह प्रशासनिक फेरबदल जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, पुलिसिंग को प्रभावी करने तथा थानों और चौकियों के कार्य संचालन में सुधार लाने के उद्देश्य से किया गया है।
