गाजीपुर
पुलिस मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त घायल, अवैध हथियार बरामद
गाजीपुर। स्वाट टीम गाजीपुर एवं थाना करण्डा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में थाना करण्डा पर पंजीकृत मामले के वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया, जिसके कब्जे से अवैध हथियार एवं कारतूस बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक करण्डा गश्त के दौरान चौकी प्रभारी खिजिरपुर के साथ ग्राम मैनपुर के पास मौजूद थे। इसी बीच एसओजी प्रभारी की ओर से दूरभाष पर सूचना मिली कि एक अभियुक्त मैनपुर ताल की ओर बढ़ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दो दिशाओं से घेराबंदी की।

ताल बांध के पास संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायर किया, जिससे गोली अभियुक्त के बाएं पैर में लगी। घायल अवस्था में पकड़े गए अभियुक्त ने अपना नाम आकाश कुमार गुप्ता पुत्र छिपकल्लू उर्फ सुनील गुप्ता, निवासी ब्रह्मणपुरा थाना करण्डा, जनपद गाजीपुर बताया।
अभियुक्त मुकदमा अपराध संख्या 188/25, धारा 109(1), 61(2), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट में वांछित था। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उसे उपचार हेतु सीएचसी करण्डा भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर तथा एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया।
पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में थाना करण्डा पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
