गोरखपुर
पुलिस की मिलीभगत से अवैध खनन का कारोबार तेज, ग्रामीणों में आक्रोश
गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांवों में पकड़ी, कोनी, रघुनाथपुर, परमेश्वरपुर, रेंवड़ा, कबिसा सहित अनेक गांवों में अवैध मिट्टी खनन का काला कारोबार स्थानीय पुलिस के सहयोग से जोर-शोर से चल रहा है। स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों से मिल रही खबरों के अनुसार रात हो या दिन, जेसीबी मशीन लगाकर अवैध खनन किया जा रहा है। तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि खनन माफियाओं ने उपजाऊ जमीन को गहरे गड्ढों में तब्दील कर दिया जा रहा है। दिन-रात डंपरों के जरिए मिट्टी निकालकर दूसरे जिलों में सप्लाई की जा रही है। लगातार खनन कर डंपरों से ढुलाई होने से गांवों की सड़कें टूट रही हैं, वहीं जलस्तर पर भी असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि यह अवैध खनन का धंधा हल्का दरोगा और सिपाहियों की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती है, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
अवैध खनन से नाराज़ ग्रामीणों ने खनन विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अवैध खनन नहीं रुका तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस संदर्भ में खनन अधिकारी कमल कश्यप ने कहा कि जांच प्रक्रिया तेज की गई है, इस समय रात में भी दबिश दी जा रही है, पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
