बलिया
पवन एक्सप्रेस की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत
नहीं हो सकी शिनाख्त
नसीराबाद गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा, पहचान कराने में जुटी फेफना पुलिस
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद गांव के समीप गुरुवार दोपहर रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से करीब 70 वर्षीय अज्ञात वृद्ध महिला की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला का शव क्षत-विक्षत हो गया, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस मृतका की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।
जानकारी के अनुसार वृद्ध महिला नसीराबाद गांव के पास रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान डाउन पवन एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। ट्रेन की टक्कर से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन चालक ने इसकी सूचना जीआरपी बलिया को दी, जिसके बाद फेफना पुलिस को घटना से अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव के अवशेषों को एकत्र कर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने मौजूद लोगों से मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस आसपास के गांवों एवं संबंधित थाना क्षेत्रों से संपर्क कर महिला की शिनाख्त कराने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना देकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
