गाजीपुर
परिवार परामर्श केंद्र की पहल रंग लाई, 8 बिछड़े दंपतियों का हुआ पुनर्मिलन
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र ने गुरुवार को आपसी विवाद के चलते अलग रह रहे आठ दंपतियों का सफलतापूर्वक समझौता कराकर उन्हें पुनः साथ रहने के लिए विदा किया।

परिवार परामर्श केंद्र में 2 जुलाई को पति-पत्नी के विवाद से जुड़े कुल 22 मामलों की सुनवाई की गई। काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से लंबे समय से विवादित चल रहे आठ मामलों में दोनों पक्षों ने बिना किसी दबाव के आपसी गिले-शिकवे भुलाकर साथ रहने पर सहमति जताई, जिसके बाद उनकी सकुशल विदाई कराई गई।

इसके अलावा तीन मामलों में समझौता होने के बाद पत्रावली बंद कर दी गई, जबकि पांच मामलों में विधिक परामर्श देकर उनका निस्तारण किया गया। शेष मामलों में मध्यस्थता पूरी न होने के कारण अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।

इस दौरान काउंसलर कमरुद्दीन, पूजा श्रीवास्तव, महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू मिश्रा, महिला आरक्षी सविता, रागिनी चौबे, संध्या और अभिलाषा सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने मध्यस्थता प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
