वाराणसी
परिचय कार्यक्रम में 60 छात्रों की सहभागिता, विशेषज्ञों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
वाराणसी। हरिश्चंद्र पी.जी. कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र 48048 में जनवरी सत्र 2026 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए परिचय कार्यक्रम (इंडक्शन प्रोग्राम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. ओम शर्मा ने किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व समन्वयक प्रो. अनिल कुमार एवं उप-प्राचार्य प्रो. विश्वनाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से की।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व समन्वयक प्रो. अनिल कुमार ने अपने सहज और प्रभावशाली अंदाज में इग्नू से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी विद्यार्थियों को सरल ढंग से समझाई। उनके अनुभवों और उदाहरणों ने छात्रों को न केवल मार्गदर्शन प्रदान किया, बल्कि उनमें नई ऊर्जा और उत्साह भी भर दिया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को इग्नू की शैक्षणिक प्रणाली, पाठ्यक्रम एवं अध्ययन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

समन्वयक प्रो. ओम शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और स्वअनुशासन के महत्व पर जोर दिया तथा उन्हें निरंतरता और लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कुल 60 विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस मौके पर डॉक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, डॉक्टर रमेश कुमार, डॉक्टर अंकित रघुवंशी, डॉक्टर निखिल कुमार, मोहम्मद अबू शाहिद, विवेक यादव और अजीत कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

