वाराणसी
पंचकोशी यात्रियों की सेवा में समर्पित मोहन मिश्रा, कदमेश्वर महादेव मंदिर पर नि:शुल्क पेयजल सेवा जारी
भीषण गर्मी में श्रद्धालुओं को मिल रही राहत, 25 दिनों से लगातार चल रहा सेवा अभियान
शीतल पेयजल, नींबू पानी और शरबत वितरण कर निभा रहे मानव सेवा का धर्म
वाराणसी। पंचकोशी यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए समाजसेवी मोहन मिश्रा द्वारा वार्ड संख्या 19 स्थित प्राचीन श्री कदमेश्वर महादेव मंदिर धाम, कंदवा में नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा अभियान संचालित किया जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच पिछले 25 दिनों से लगातार श्रद्धालुओं और राहगीरों को ठंडा एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

बुधवार को भी सेवा कार्य निरंतर जारी रहा। पंचकोशी यात्रा मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को शीतल पेयजल के साथ नींबू पानी और चीनी का शरबत वितरित किया गया। गर्मी और उमस के बीच यह सेवा यात्रियों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन रही है।
मानव सेवा को बताया सबसे बड़ा धर्म
समाजसेवी मोहन मिश्रा ने बताया कि पंचकोशी यात्रा काशी की प्राचीन और महत्वपूर्ण धार्मिक परंपराओं में शामिल है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर विभिन्न तीर्थ स्थलों का दर्शन करते हैं। ऐसे में यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना मानव सेवा और धर्म दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्य है।
उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाले इस सेवा अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन शत-प्रतिशत शुद्ध एवं ठंडे पानी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल सके।

श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने की सराहना
सेवा का लाभ उठा रहे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने मोहन मिश्रा के इस प्रयास की सराहना की। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी और राहतदायक साबित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों और यात्राओं के दौरान इस तरह की जनसेवा सामाजिक सहयोग, मानवीय संवेदना और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।

आगे भी जारी रहेगा सेवा कार्य
मोहन मिश्रा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल श्रद्धालुओं की सेवा करना है और भविष्य में भी जनहित तथा धर्मार्थ कार्यों में सक्रिय योगदान देते रहेंगे। इस अवसर पर मंदिर से जुड़े लोग, स्थानीय श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
