वाराणसी
नेत्रदान कर समाज को दिया रोशनी का संदेश
स्व. यश कपूर के निधन के बाद परिवार ने कराया नेत्रदान, दो जरूरतमंदों को मिलेगी नई दृष्टि
वाराणसी। सिगरा निवासी एवं प्रतिष्ठित भाजपा नेता स्वर्गीय हर्षंपाल कपूर के छोटे भाई स्वर्गीय यश कपूर के निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की। उनके भतीजे वैभव कपूर ने लायंस आई बैंक के सचिव डॉ. अनुराग टंडन से संपर्क कर नेत्रदान की व्यवस्था कराई, जिससे दो जरूरतमंद लोगों को नई रोशनी मिल सकेगी।
‘नेत्रदान महादान’ का दिया संदेश
नेत्रदान के उपरांत लायंस आई बैंक की ओर से कपूर परिवार को ‘नेत्रदान सम्मान पत्र’ प्रदान कर इस प्रेरणादायी निर्णय के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व एमएलसी अशोक धवन सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे और परिवार के इस मानवीय कदम की सराहना की।
अंगदान-नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील
लायंस आई बैंक वाराणसी के निदेशक डॉ. अभिषेक चंद्रा ने कपूर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए समाज से अधिक से अधिक लोग अंगदान-नेत्रदान जीवन संजीवनी अभियान से जुड़ने की अपील की। वहीं सचिव डॉ. अनुराग टंडन ने कहा कि “नेत्रदान महादान है। मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में उजाला फैलाने का यह सबसे बड़ा माध्यम है।”
