भदोही
निर्माणाधीन मकान में वेल्डिंग कारीगर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
भदोही के जियनपुर में परिजनों ने किया चक्काजाम, मुआवजे की मांग
भदोही। चौरी थाना क्षेत्र के भैरवपुर गांव में निर्माणाधीन मकान में वेल्डिंग का कार्य करने गए 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जियनपुर में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
सुबह काम पर बुलाया गया था युवक
जानकारी के अनुसार, जियनपुर निवासी मनीष गौतम (26), पुत्र भोलानाथ गौतम, पेशे से वेल्डिंग का कार्य करता था। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और अविवाहित था।
बताया गया कि वाराणसी के एक ठेकेदार ने मनीष को सुबह करीब 4 बजे भैरवपुर स्थित निर्माणाधीन मकान में वेल्डिंग के कार्य के लिए बुलाया था।
निर्माणाधीन मकान में अचेत मिला युवक
सुबह करीब 8 बजे जब अन्य लोग काम के लिए निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे तो मनीष अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। इसके विरोध में जियनपुर के मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया गया।
सुबह करीब 9 बजे से 10:30 बजे तक चले जाम के कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम
घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम औराई ने परिजनों से वार्ता कर उचित जांच और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
