गोरखपुर
नाले में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब फरेन नाले में एक युवक का शव उतराता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे टहलने निकले ग्रामीणों ने मोतीराम अड्डा क्षेत्र स्थित बंजारी पुल के पास फरेन नाले में एक शव देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची झंगहा पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान चोरी-चौरा के अवधपुर दरोगा जी छावनी निवासी 32 वर्षीय लाल बहादुर निषाद के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों का आरोप है कि लाल बहादुर निषाद की हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है। उनका कहना है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश हो सकती है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक के शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
