Connect with us

गोरखपुर

स्वर्ण पदक जीत आयान पांडेय ने बढ़ाया गोरखपुर का मान

Published

on

Loading...
Loading...

माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुजनों की सीख से चमका आयान का सितारा

गोरखपुर। बुद्ध विहार पार्ट सी के होनहार आयान पांडेय कहते हैं कि जब माता-पिता का आशीर्वाद, गुरुजनों की सीख और अपने सपनों के प्रति सच्ची लगन एक साथ मिल जाए, तब साधारण प्रतिभा भी असाधारण सफलता की कहानी लिख देती है। गोरखपुर के होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी आयान पांडेय ने इसी विश्वास को सच साबित करते हुए वर्ष 2025-26 में आयोजित 69वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे जनपद का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।

आयान की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे केवल उनकी मेहनत ही नहीं, बल्कि माता-पिता के त्याग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और परिवार के विश्वास की भी बड़ी भूमिका रही। बचपन से ही खेल के प्रति समर्पित आयान ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने हौसले को कमजोर नहीं होने दिया। सुबह की कड़ी मेहनत, घंटों का अभ्यास और जीतने का जुनून आखिरकार उस मुकाम तक पहुंचा, जहां आज पूरा गोरखपुर उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।

आयान पांडेय की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक ही नाम था “आयान”। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी बड़े सपनों को सच करने का हौसला रखती हैं।

Advertisement

इसी क्रम में शेरे पूर्वांचल पंडित विनय शंकर तिवारी ने आयान पांडेय को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आयान जैसे युवा खिलाड़ी आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं और उनकी मेहनत पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। सम्मान समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच आयान का उत्साहवर्धन किया।

इस भावुक पल में आयान पांडेय के माता-पिता की आंखों में खुशी और गर्व के आंसू साफ दिखाई दे रहे थे। बेटे की सफलता ने वर्षों की मेहनत और त्याग को मानो सार्थक कर दिया। परिवार, शुभचिंतकों और मित्रों का खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हर कोई आयान को बधाई देते हुए उनके सुनहरे भविष्य की कामना करता नजर आया।

आज आयान पांडेय केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि संघर्ष, संस्कार और सफलता की जीवंत मिसाल बन चुके हैं। उनकी यह उपलब्धि आने वाले युवाओं को यह संदेश देती है कि अगर इरादे मजबूत हों और अपनों का आशीर्वाद साथ हो, तो हर सपना हकीकत बन सकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page