बलिया
पुराने विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, दो नामजद समेत तीन पर केस
नरही (बलिया)। नरही थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पलिया खांश (बड़का खेत) में शनिवार देर रात घर के बाहर सो रहे एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विक्की मिश्र पुत्र रामनारायण मिश्र शनिवार रात अपने दरवाजे पर सो रहे थे। इसी दौरान कुछ हमलावर वहां पहुंचे और उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वार उनके सिर पर किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बताया जा रहा है कि तीनों हमलावर बिहार के रहने वाले हैं। घर पर चढ़कर की गई इस वारदात से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। बताया जाता है कि विक्की मिश्र ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
इससे पहले भी वाहन को लेकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा चुकी थी। उनके पिता लक्ष्मणपुर चौराहा स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी हैं।पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
