गाजीपुर
भाजपा प्रशिक्षण महाभियान का दयाशंकर मिश्र दयालु ने किया शुभारंभ
गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत नगर स्थित नंद रेजिडेंसी सभागार में रात्रि विश्राम सहित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने पार्टी ध्वज फहराया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कलश पर दीप प्रज्वलित कर पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने “सरकार की गरीब कल्याण की योजनाएं व क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को जागरूक बनाना, नई तकनीकों की जानकारी देना तथा सरकार की योजनाओं और पार्टी के महामनीषियों के विचारों से जोड़े रखना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक आह्वान पर देश के 140 करोड़ नागरिक राष्ट्रनिष्ठा और समर्पण की भावना के साथ एकजुट होकर खड़े हो रहे हैं। सरकार और संगठन “सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान” के मूल मंत्र के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, जिससे देश की समृद्धि और सम्मान में वृद्धि हुई है।
मंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज का हर वर्ग योजनाओं से लाभान्वित होकर खुशहाल जीवन जी रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में शुरू हुई गरीब कल्याण अन्न योजना आज भी लगातार संचालित की जा रही है। स्वच्छता अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे पर कभी विपक्ष उपहास करता था, वही आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है तथा महिलाओं, किसानों और युवाओं को विभिन्न योजनाओं के जरिए सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आज विश्व स्तर पर शोध का विषय बनी हुई हैं।

इस अवसर पर जनपद में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों तथा स्थानीय संगठन के पदाधिकारियों से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसका लोकार्पण मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने फीता काटकर किया।
प्रथम सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की, जबकि संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने किया। प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिवस रविवार को कुल छह सत्र आयोजित किए गए। द्वितीय सत्र “विचार परिवार” को मुख्य वक्ता नागेश्वर पांडेय ने संबोधित किया। इसकी अध्यक्षता पूर्व जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश राम ने तथा संचालन महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने किया।
तृतीय सत्र में शलभमणि त्रिपाठी ने “देश के सम्मुख चुनौतियां” विषय पर अपने विचार रखे। इस सत्र की अध्यक्षता क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष सशांक शेखर राय ने किया।
चतुर्थ सत्र में जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर संबोधन दिया। इसकी अध्यक्षता डॉ. शोभनाथ यादव ने तथा संचालन सुधाकर कुशवाहा ने किया।

पांचवें सत्र “कार्यकर्ता विकास” को वर्ग प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल ने संबोधित किया। इसकी अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने किया।
दिन के अंतिम एवं छठवें सत्र “हमारी कार्य पद्धति” विषय पर काशी क्षेत्र के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र रघुवंशी ने अपने विचार व्यक्त किए। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. मुराहू राजभर ने तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पांडेय ने किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, भानु प्रताप सिंह, बृजेन्द्र राय, पारसनाथ राय, कालीचरण राजभर, सीता सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, कार्तिक गुप्ता, सुमित तिवारी, गर्वजीत सिंह, सुमन बिंद, शनि चौरसिया, राजन सिंह, अवधेश सिंह, मनोज गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
