बलिया
नारायणपाली में अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन
गांव में ही मिलेगा योजनाओं का लाभ
बीडीओ सत्य प्रकाश ने किया शुभारंभ, राशन और सरकारी सुविधाओं के लिए ग्रामीणों को नहीं करनी होगी भागदौड़
गड़वार (बलिया)। विकास खंड गड़वार की नारायणपाली ग्राम पंचायत में मंगलवार को केंद्र सरकार की योजना के तहत नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी सत्य प्रकाश ने फीता काटकर भवन का शुभारंभ किया। भवन शुरू होने से ग्रामीणों को राशन और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाओं के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं होगी।
ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुविधा
समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ सत्य प्रकाश ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा भवन के माध्यम से पात्र ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही राशन और सरकारी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीणों का समय और अनावश्यक भागदौड़ दोनों बचेंगे।
प्रधान ने जताई खुशी
प्रधान संघ गड़वार के अध्यक्ष एवं नारायणपाली के ग्राम प्रधान अनिल यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसी व्यवस्था होने से ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। उन्होंने भवन को गांव के लिए उपयोगी सुविधा बताते हुए इसके संचालन में सहयोग का भरोसा दिलाया।
उद्घाटन कार्यक्रम में एपीओ सुमित कुमार सिंह, ग्राम पंचायत सचिव आशुतोष पांडेय, टीए संतोष कुमार पांडेय, शिव गुरु स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सनम देवी, पूनम दुबे, पिंटू दुबे, देवनाथ यादव, लक्ष्मण यादव, प्रभुनाथ तिवारी और सुनील यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
