Connect with us

वाराणसी

दिन में लू और रात में उमस से लोग बेहाल, तापमान ने बढ़ाई मुश्किलें

Published

on

Loading...
Loading...

ऑरेंज अलर्ट के बीच वाराणसी में बढ़ी तपिश, मौसम विभाग ने किया सतर्क

वाराणसी। पूर्वांचल समेत वाराणसी में भीषण गर्मी के बीच मौसम में बदलाव की उम्मीद दिखाई देने लगी है। लगातार बढ़ती तपिश के बाद संभावना जताई जा रही है कि अगले चार दिनों के बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है। नौतपा की अवधि 25 मई से 2 जून तक मानी जा रही है, लेकिन अनुमान है कि 27 मई के बाद मौसम में कुछ परिवर्तन देखने को मिल सकता है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम का रुख बदलने की संभावना बनी हुई है। हालांकि फिलहाल कुछ दिन और गर्मी का असर बना रहेगा।

शनिवार सुबह आसमान पूरी तरह साफ रहा और दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर तेज होता गया। सुबह नौ बजे के बाद गर्म हवाएं चलने लगीं और 11 बजे के बाद लू जैसा अहसास होने लगा। दोपहर तक मौसम और अधिक तल्ख हो गया तथा वातावरण में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया। आसमान से मानो आग बरसती महसूस हुई, वहीं रातों में भी गर्मी बढ़ने लगी है। हालांकि दिन के समय हल्की पुरवाई ने लोगों को कुछ राहत जरूर दी।

पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा रहा। इस दौरान न्यूनतम आर्द्रता 22 प्रतिशत और अधिकतम 55 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लगातार चार दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का असर बना रहेगा। साथ ही नौतपा शुरू होने के बाद तापमान में कुछ राहत मिलने की भी संभावना जताई गई है।

Advertisement

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ‘उष्ण रात्रि’ यानी बेहद गर्म रातों की स्थिति बनने की आशंका है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होगी और लोगों को दिन-रात उमस, गर्मी और बेचैनी का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।

पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब-हरियाणा क्षेत्र के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की स्थिति बन रही है। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि उत्तर प्रदेश को फिलहाल गर्मी से बड़ी राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। 23 और 24 मई के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी का स्तर ‘रेड’ से घटाकर ‘ऑरेंज’ कर दिया है, लेकिन इन दिनों भी तेज धूप और कई स्थानों पर लू का असर जारी रहने की संभावना बनी हुई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page