Connect with us

गोरखपुर

डॉक्टर से दुर्व्यवहार के बाद अस्पताल में हमला, संचालक का सिर फोड़ा; पांच अज्ञात पर FIR

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। तारामंडल इलाके में नशे में धुत मनबढ़ युवकों ने पहले सड़क पर डॉक्टर से दुर्व्यवहार किया और बाद में अस्पताल पहुंचकर कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी।

हमलावरों ने बीच-बचाव करने आए अस्पताल संचालक पर भी हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात पांच युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बखरा निवासी रोहित कुमार, जो पिछले चार वर्षों से तारामंडल स्थित राजश्री हॉस्पिटल में कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब 12 बजे डॉक्टर विवेक मिश्रा एक इमरजेंसी मरीज को देखने के बाद लौट रहे थे।

इसी दौरान मुख्य सड़क पर सामने से आ रही कार में सवार युवकों से गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने डॉक्टर से दुर्व्यवहार किया।शोर सुनकर अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक डॉक्टर अपनी गाड़ी साइड कर वहां से निकल चुके थे।

आरोप है कि नशे में धुत कार सवार युवक कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उन्होंने रोहित कुमार को धक्का देकर गिरा दिया और अंजाम भुगतने की धमकी देकर वहां से चले गए।

Advertisement

कुछ ही देर बाद आरोपी दोबारा ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से लैस होकर अस्पताल पहुंच गए और कर्मचारियों की पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे अस्पताल संचालक विकास शर्मा ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया।

रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल कर्मचारी की तहरीर पर अज्ञात पांच युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

संबंधित वाहन देवरिया के एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है, जिससे संपर्क कर कार में सवार युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page