गाजीपुर
डीएम अनुपम शुक्ला का नवोदय विद्यालय में औचक निरीक्षण, बच्चों संग पंक्ति में लगकर किया भोजन
कक्षा में विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता परखी, छात्रावास-प्रयोगशालाओं का लिया जायजा
गाजीपुर, 3 सितंबर। जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, गाजीपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रयोगशालाओं, छात्रावास और भोजनालय का जायजा लिया। डीएम ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनकी समस्याओं तथा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

कक्षा में बच्चों से ब्लैकबोर्ड पर कराया सवाल हल
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षा 12 में गणित की पढ़ाई के बीच पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर विषय पर उनकी पकड़ को परखा। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही संत रविदास जी के जीवन और विचारों से सीख लेने की सलाह दी।
शिकायत और सुझाव बॉक्स लगाने के निर्देश
डीएम ने विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को आसानी से सामने लाने के लिए विद्यालय में शिकायत एवं सुझाव बॉक्स लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रयोगशालाओं और छात्रावास की व्यवस्था देखी
जिलाधिकारी ने रसायन विज्ञान प्रयोगशाला और एटीएल (ATL) प्रयोगशाला का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बालिका छात्रावास का भी निरीक्षण किया। छात्राओं से बातचीत कर उनकी भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने विद्यालय में मिल रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।
बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बालिका भोजनालय भी पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भोजनालय में एसी लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम स्वयं सामान्य पंक्ति में खड़े होकर विद्यार्थियों के साथ भोजन लेने पहुंचे। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और इस दौरान उनसे आत्मीय बातचीत कर पढ़ाई और विद्यालय से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। डीएम के इस व्यवहार से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय स्टाफ रहा मौजूद
औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य, उप-प्राचार्य, शिक्षक और समस्त स्टाफ मौजूद रहा। जिलाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को देखा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
