गोरखपुर
ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत
गोरखपुर/महराजगंज। जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, युवक बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हो गई और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
