बलिया
टूटे बिजली तार की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
खेत से लौटते समय हुआ हादसा, जर्जर एलटी लाइन नहीं बदलने पर बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने एसडीओ, जेई और लाइनमैन के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की
रसड़ा (बलिया)। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार शाम बिजली का जर्जर एलटी तार टूटकर एक महिला पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी स्वर्गीय नरसिंग चौबे की पत्नी 50 वर्षीय ममता चौबे खेत से घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क किनारे से गुजर रहा एलटी बिजली का तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही जाम विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और गंभीर रूप से झुलसी महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस जर्जर एलटी लाइन को बदलने की मांग पिछले करीब एक वर्ष से लगातार की जा रही थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने केवल आश्वासन दिया और कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण महिला की जान चली गई।
घटना के बाद मृतका के पुत्र बसंत कुमार चौबे ने रसड़ा कोतवाली में तहरीर देकर जाम विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ, जेई और संबंधित लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
