गाजीपुर
टीबी मुक्त समाज की ओर पहल: सिधौना पंचायत भवन में कल लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
सिधौना (गाजीपुर) जयदेश। क्षय रोग (टीबी) जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम, समय पर पहचान एवं लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गाजीपुर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार, 19 मई 2026 को सिधौना पंचायत भवन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में क्षेत्र के लोगों की टीबी से संबंधित जांच, परामर्श एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर में आने वाले लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही संदिग्ध मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं एवं परामर्श भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि टीबी अब पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और नियमित दवा लेना बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी जैसी समस्या हो रही हो तो वह शिविर में पहुंचकर जांच अवश्य कराएं। इससे बीमारी की जल्द पहचान हो सकेगी और संक्रमण फैलने से भी रोका जा सकेगा।
ग्राम पंचायत सिधौना में आयोजित होने वाला यह शिविर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए काफी लाभकारी माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की है।
