बलिया
जेएनसीयू का आठवां दीक्षांत समारोह 29 जुलाई को
19 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां, 44 मेधावियों को स्वर्ण पदक से किया जाएगा सम्मानित
कुलाधिपति स्वर्ण पदक नंदिनी वर्मा को, समारोह में आंगनबाड़ी किट वितरण और एचपीवी टीकाकरण भी होगा
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) का आठवां दीक्षांत समारोह आगामी 29 जुलाई को आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के पूर्व निदेशक एवं पद्मश्री डॉ. अशोक कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षोपदेश देंगे। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
19,197 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
दीक्षांत समारोह में कुल 19,197 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 13,261 स्नातक, 5,936 परास्नातक तथा 30 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी। विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार स्नातक और परास्नातक स्तर पर छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है।
स्वर्ण पदकों में बेटियों का दबदबा
इस वर्ष 44 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 35 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं। एमएससी रसायन विज्ञान की छात्रा नंदिनी वर्मा को विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, इस वर्ष से शुरू किए गए ‘डॉ. काशी प्रसाद जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक’ से प्राचीन इतिहास विभाग की छात्रा विनीता सिंह को सम्मानित किया जाएगा।
सामाजिक सरोकारों पर भी रहेगा विशेष जोर
दीक्षांत समारोह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 200 किट वितरित की जाएंगी। साथ ही, राज्यपाल के निर्देशानुसार किशोरियों को एचपीवी (HPV) टीकाकरण कराया जाएगा तथा उन्हें टीकाकरण का प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
तैयारियां अंतिम चरण में
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
