गोरखपुर
जमीन कब्जे के विवाद में सपा नेता जफर अमीन उर्फ डक्कू पर कसा शिकंजा
हत्या के प्रयास और छेड़खानी की धाराएं बढ़ीं, पुलिस रिमांड की तैयारी; शब्बीर कुरैशी की तलाश जारी
गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र के खोखरटोला में जमीन विवाद को लेकर सपा नेता जफर अमीन उर्फ डक्कू की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने जांच और पीड़ित महिला के मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज बयान के आधार पर मुकदमे में हत्या के प्रयास और छेड़खानी की धाराएं बढ़ाई हैं। नई धाराएं जुड़ने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
हाई-सिक्योरिटी बैरक में रखा गया डक्कू
शांति भंग के मामले में जेल भेजे गए जफर अमीन उर्फ डक्कू को जिला जेल की हाई-सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। नई धाराएं बढ़ाए जाने के बाद पुलिस न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर उसकी पुलिस रिमांड मांगने की तैयारी में है। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुसार होगी।
10 नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
मामले में शहाना खातून की तहरीर पर जफर अमीन उर्फ डक्कू, सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी समेत 10 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। डक्कू की गिरफ्तारी के बाद फरार चल रहे शब्बीर कुरैशी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
विवादित जमीन पर लगाए गए सीसीटीवी
विवादित जमीन की निगरानी के लिए दो सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। वहीं राजस्व विभाग को जमीन से जुड़े सरकारी अभिलेखों की जांच कर दोनों पक्षों के दावों की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और राजस्व विभाग की कार्रवाई के बाद ही जमीन विवाद से जुड़े तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
