गाजीपुर
जमानियां में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
सिंचाई विभाग के परित्यक्त कमरे में बन रहे थे तमंचे
गाजीपुर/जमानियां। कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग के परित्यक्त कमरे में संचालित कथित अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में बने-अधबने असलहे, कारतूस, हथियार बनाने के उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद की।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस पांडेयपुर मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों और वांछितों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पुलिया के पास सिंचाई विभाग के परित्यक्त कमरे में कुछ लोग अवैध असलहे बना रहे हैं। इसके बाद जमानियां पुलिस और स्वाट टीम ‘बी’ ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया।
तीन आरोपित गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोइलापुर भूतहिया ताड़ निवासी पन्ना लाल बिंद, ताजपुर मांझा निवासी मनोज कुमार राय उर्फ चम्पी राय और सकरा निवासी सोनू बिंद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सोनू के खिलाफ लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और पॉक्सो एक्ट समेत 19 मुकदमे दर्ज हैं। पन्ना लाल पर हत्या और एनडीपीएस एक्ट समेत चार मुकदमे बताए गए हैं।
तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद
पुलिस ने मौके से .315 बोर के नौ बने तमंचे, तीन अधबने .315 बोर तमंचे, एक अधबना .12 बोर तमंचा और एक अधबना .32 बोर रिवॉल्वर बरामद किया। इसके अलावा पांच जिंदा और एक खोखा कारतूस, अधबनी पिस्टल बॉडी, तमंचे की नाल, ट्रिगर गार्ड, हैमर समेत अन्य उपकरण और एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
