भदोही
जनपद में यूरिया का पर्याप्त भंडार, किसानों को समय पर मिलेगी खाद: एडीएम
सहकारी समितियों और बफर गोदाम का निरीक्षण, समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
ज्ञानपुर (भदोही)।धान की प्रथम टॉप ड्रेसिंग को देखते हुए किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ल ने गुरुवार को जनपद की विभिन्न सहकारी उर्वरक समितियों, निजी उर्वरक प्रतिष्ठानों तथा पीसीएफ बफर गोदाम का निरीक्षण किया।
समितियों पर मिला पर्याप्त यूरिया
निरीक्षण के दौरान सहकारी समितियों पर यूरिया का पर्याप्त भंडार उपलब्ध पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जनपद में किसानों की जरूरत के अनुरूप यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता है और खाद की कोई कमी नहीं है।
समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने पीसीएफ बफर गोदाम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहकारी समितियों की मांग के अनुरूप समय पर यूरिया का उठान एवं आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कृषि कार्य सुचारु रूप से चलते रहें, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।
