वाराणसी
चौरसिया फाउंडेशन ट्रस्ट की बैठक संपन्न, दिल्ली में 7 करोड़ की लागत से बन रहा छात्रावास
वाराणसी। अखिल भारतीय चौरसिया महासभा कोलकाता के तत्वावधान में चौरसिया फाउंडेशन ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को काशी के कटेसर स्थित Ramada by Wyndham Varanasi Katesar में आयोजित की गई। बैठक में देशभर से लगभग 50 ट्रस्टी शामिल हुए और समाजहित में चल रही योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
गौरतलब है कि महासभा का चुनाव 22 अप्रैल 2023 को हाजीपुर, पटना (बिहार) में सम्पन्न हुआ था, जिसमें प्रदीप चौरसिया राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। चुनाव के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए दिल्ली में आईएएस, पीसीएस एवं इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु छात्रावास निर्माण की घोषणा की गई थी। इसी उद्देश्य से चौरसिया फाउंडेशन ट्रस्ट की स्थापना की गई।
बैठक में बताया गया कि दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से छह मंजिला चौरसिया भवन (छात्रावास) का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। संस्था के महामंत्री टी.एन. चौरसिया ने पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों एवं प्रगति रिपोर्ट का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप चौरसिया ने कहा कि छात्रावास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर समाज को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कानपुर में 5 बिस्वा जमीन उपलब्ध कराने तथा वाराणसी में भी जल्द छात्रावास निर्माण कराने की घोषणा की। बैठक में निर्धारित शुल्क जमा कर नए ट्रस्टी भी शामिल हुए तथा सभी ने ट्रस्ट को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप चौरसिया ने की, जबकि संचालन महासचिव सुधीर चौरसिया ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय चौरसिया, टी.एन. चौरसिया, राजेन्द्र बनारसी, गंगाराम चौरसिया, राजेश महतो, देवकुमार, संजय चौरसिया, गोपाल चौरसिया, श्रवण चौरसिया, कैलाश नाथ चौरसिया, जगत नारायण चौरसिया, रामेश्वर चौरसिया, गणेशनी चौरसिया, सोहनलाल चौरसिया, श्यामा देवी, प्रीती चौरसिया, विजय चौरसिया, हेमराज चौरसिया एवं आलोक चौरसिया सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
