बलिया
चितबड़ागांव में ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली का शुभारंभ, शत-प्रतिशत नामांकन का लिया संकल्प
डीआईओएस और बीएसए ने दिखाई हरी झंडी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व हर बच्चे के स्कूल पहुंचने पर दिया जोर
शिक्षकों से समय पर विद्यालय पहुंचने की अपील, नगर पंचायत ने विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का दिया भरोसा
चितबड़ागांव (बलिया)। ब्लॉक स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर से जागरूकता रैली का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मनोज कुमार मिश्रा, विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह तथा नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईओएस मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ तभी सफल होगा जब शिक्षक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने शिक्षकों से समय पर विद्यालय पहुंचकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक संस्कार प्रदान करने का आह्वान किया।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के आधार स्तंभ हैं और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभाग की ओर से शिक्षकों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान का भरोसा भी दिलाया।
नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नगर पंचायत पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत अगले दो वर्षों में क्षेत्र के सभी विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित कर शासन द्वारा निर्धारित 19 मानकों को पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी लाल जी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या आराधना गुप्ता, कमलेश सिंह, अंबरीष तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
