वाराणसी
चिकित्सकों ने महिला के कान से निकाली माचिस की तीली
वाराणसी। जिले के बड़ागांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में शनिवार को डॉक्टरों की टीम ने एक महिला के कान में फंसी माचिस की तीली को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला को दर्द से राहत मिल गई।
चुरापुर (बाबतपुर) निवासी 30 वर्षीय जानू सिंह के कान में अचानक माचिस की तीली फंस गई थी। तीली कान के भीतर गहराई तक चली गई थी, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉ. आलोक प्रकाश के नेतृत्व में टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया। इस टीम में डॉ. आलोक प्रकाश, आर. के. यादव और हेल्थ एटीएम टेक्नीशियन आनंद कुमार शामिल थे। टीम ने सावधानी और दक्षता के साथ महिला के कान से माचिस की तीली को बिना किसी नुकसान के सफलतापूर्वक निकाल दिया।
तीली निकलने के बाद महिला को तत्काल आराम मिला। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर मोहम्मद ने इस सफल उपचार के लिए पूरी मेडिकल टीम की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
महिला के पति डब्लू सिंह ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की त्वरित कार्रवाई से उनकी पत्नी को दर्द से राहत मिल सकी।
इस पूरी प्रक्रिया में ‘निरोग्य लाइफ लाइन फाउंडेशन’ की ओर से अस्पताल को उपलब्ध कराई गई हेल्थ एटीएम मशीन और उससे जुड़ी स्वास्थ्य सेवाएं महत्वपूर्ण साबित हुईं। इन सुविधाओं की मदद से मरीजों को तेज और बेहतर इलाज मिल रहा है।
