वाराणसी
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। लालपुर चट्टी के समीप नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, (मिर्जापुर) जिले के कछवा थाना अंतर्गत बरैनी गांव के रहने वाले मयंक कुमार सिंह उर्फ सोनू (37 वर्ष) पुत्र फतेहबहादुर सिंह शनिवार सुबह अपनी बाइक से वाराणसी जा रहे थे। वह जैसे ही मिर्जामुराद के लालपुर चट्टी के पास पहुंचे, प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मयंक अनियंत्रित होकर सीधे हाईवे के बीचो-बीच जा गिरे। उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला था कि इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। मयंक को कुचलने के बाद ट्रक चालक वाहन समेत वाराणसी की तरफ भाग निकला। इस हृदयविदारक हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

नेशनल हाईवे पर सुबह-सुबह हुए इस खौफनाक हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे नेशनल हाईवे पर वाहनों के पहिए थम गए और लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा और इलाकाई दरोगा मधुसूदन त्रिपाठी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर जब परिजनों को घटना की जानकारी दी, तो घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन तत्काल वाराणसी के लिए रवाना हुए। मृतक मयंक कुमार सिंह वाराणसी की एक प्राइवेट कंपनी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत थे, तथा दो भाई में छोटे थे वह रोजाना की तरह शनिवार को भी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। पिता फतेहबहादुर सिंह रिटायर मार्केट इंस्पेक्टर हैं। लगभग 1 वर्ष पहले ही मयंक की शादी हुई थी और उनका एक 4 महीने का छोटा पुत्र भी है। इस असमय और दुखद मौत से पत्नी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
वही इस घटना में मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार वाहनों की पहचान कर आरोपी चालकों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
