गोरखपुर
घर से नाराज होकर निकलीं तीन बालिकाएं सकुशल बरामद
इंटर कॉलेज जाने के बाद नहीं लौटी थीं घर, गुलरिहा पुलिस ने तलाश कर सुरक्षित परिजनों को सौंपा
गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र में घर से नाराज होकर निकलीं तीन बालिकाओं को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बालिकाएं 7 अगस्त को इंटर कॉलेज पढ़ने गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, तीनों में दो सगी बहनें थीं। परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना गुलरिहा में दो अलग-अलग मुकदमे धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज किए गए। इसके बाद पुलिस टीम ने बालिकाओं की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मदन मोहन मिश्रा की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिकाओं ने पुलिस को बताया कि वे घरवालों से नाराज होकर बिना किसी को बताए अपनी मर्जी से घर से निकल गई थीं। पुलिस ने तीनों को सकुशल बरामद करने के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
