Connect with us

गाजीपुर

गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के अखिल का चयन साई में

Published

on

Loading...
Loading...

ताइक्वांडो में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

सैदपुर (गाजीपुर) जयदेश। गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी गैबिपुर में प्रशिक्षित ताइक्वांडो खिलाड़ी अखिल यादव का चयन असम स्थित कोकराझार साई प्रशिक्षण केंद्र में हो गया है। अखिल ने जनवरी माह में साई कोकराझार हेतु ट्रायल दिया था, जिसका परिणाम अब घोषित हुआ है । चयन प्रक्रिया में सफल होने के बाद साई के अधिकारियों द्वारा उन्हें अपने एस.टी.सी. केंद्र के लिए चयनित किया गया है ।

मूल रूप से आजमगढ़ जनपद के तरवां थाना क्षेत्र स्थित बिसुनपुर मठियां निवासी दीनानाथ यादव एवं ममता यादव के बड़े पुत्र अखिल यादव लगभग तीन वर्ष पूर्व गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के छात्रावास में प्रवेश लिए थे । वे यहीं रहकर ताइक्वांडो प्रशिक्षण के साथ-साथ अपनी शिक्षा भी प्राप्त कर रहे थे ।

गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी एवं छात्रावास के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि अखिल यादव अत्यंत मेहनती एवं अनुशासित खिलाड़ी रहे हैं । उन्होंने जिला, मंडल एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है । इसी निरंतर मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय खेल प्राधिकरण की चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त हुई है ।

श्री सिंह ने बताया कि इससे पूर्व भी इस एकेडमी के कई दर्जन खिलाड़ियों का चयन देश के विभिन्न राज्यों में स्थित खेल छात्रावासों एवं प्रशिक्षण केंद्रों में हो चुका है । वर्तमान में एकेडमी के खिलाड़ी पटना साई (बिहार), लखनऊ एन.सी.ओ.ई., काशीपुर साई (उत्तराखंड), सेलम साई (तमिलनाडु), कोकराझार साई (असम), कर्नाटक स्थित जिंदल स्टील ग्रुप के इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ के स्पोर्ट्स सेंटर तथा महाराष्ट्र के नासिक स्थित भारतीय थल सेना के आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के छात्रावासों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल उपकरण, आवास, भोजन इत्यादि का संपूर्ण व्यय सरकारी संस्थाओं द्वारा वहन किया जा रहा है ।

Advertisement

एकेडमी के एक और खिलाड़ी अखिल यादव के चयन से गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी से जुड़े सैकड़ों खिलाड़ियों, समिति के सदस्यों एवं परिजनों में हर्ष का माहौल है । इस अवसर पर बुधवार को एकेडमी परिसर में अखिल यादव के विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह के अतिरिक्त समिति के वरिष्ठ सदस्य जयशंकर यादव, डॉ. सचिन सिंह, डॉ सुधा सिंह, शिवम दुबे, प्रिया सिंह, सरिता यादव, एकेडमी के ताइक्वांडो कोच विशाल कुमार, बॉक्सिंग कोच जयहिंद यादव, ममता यादव, अंशु यादव, कार्यालय सचिव अल्का मौर्य, खुशी मोदनवाल, अखिलेश कुमार, रामाश्रय राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page