Connect with us

गोरखपुर

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाबालिग की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला

Published

on

Loading...
Loading...

गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला उपनगर में सोमवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक नाबालिग छात्र की गर्दन पर अज्ञात युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ मौजूद युवकों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गर्दन पर करीब 10 टांके लगाए गए। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

विसर्जन जुलूस में शामिल था छात्र

जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9:30 बजे खटिकाना टोला में स्थापित गणेश प्रतिमा को विसर्जन के लिए डीजे के साथ सैकड़ों युवक सरयू तट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कौड़ीराम स्थित आरपीएम स्कूल में हाईस्कूल का छात्र ऋषभ कुमार सोनकर (15) पुत्र मोहनलाल सोनकर भी जुलूस में शामिल होकर डीजे पर डांस कर रहा था।

चप्पल लगने के बाद शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि जुलूस के दौरान एक अज्ञात युवक हाथ में चप्पल लेकर डांस कर रहा था। इसी दौरान चप्पल लगने से ऋषभ को चोट लग गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। कुछ देर बाद विवाद शांत हो गया।

गर्दन पर किया धारदार हथियार से वार

आरोप है कि विवाद शांत होने के कुछ देर बाद उसी युवक ने ऋषभ की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर वार लगते ही ऋषभ जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

Advertisement

अस्पताल में लगाए गए करीब 10 टांके

मौके पर मौजूद युवकों ने घायल ऋषभ को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया और गर्दन पर करीब 10 टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल घायल की हालत स्थिर है।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलने पर 112 पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page