गाजीपुर
खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
आटा और मेयोनीज के 5 नमूने लिए गए, जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई
गाजीपुर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देशन में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान आटा निर्माण इकाइयों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल पांच नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है।

विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सिंचाई विभाग चौराहा स्थित वी-मार्ट रिटेल लिमिटेड से वेज मेयोनीज (फन फूड्स ब्रांड) का नमूना लिया। इसके अलावा करंडा स्थित डीकेआर सर्विसेज प्रा.लि. से विजय गोल्ड ब्रांड गेहूं का आटा, जंगीपुर के बाबा विश्वनाथ फ्लोर मिल से राम ब्रांड आटा, जखनिया के महाकालेश्वर एग्रो इंडस्ट्रीज से नीलकंठ ब्रांड आटा तथा सैदपुर के रैनबो फ्लोर मिल से अमृतभोग ब्रांड आटा का नमूना संग्रहित किया गया।

रिपोर्ट के बाद होगी विधिक कार्रवाई
सभी नमूनों को जांच के लिए उत्तर प्रदेश खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आर.सी. पाण्डेय और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने संचालित किया।
