Connect with us

गाजीपुर

कोचिंग से लौट रहे छात्र पर हमला, छह नामजद समेत नौ पर मुकदमा

Published

on

Loading...
Loading...

14 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट, बेल्ट और फाइटर से हमला करने का आरोप

जातिसूचक टिप्पणी, जान से मारने की धमकी का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के बरेसर बाजार में कोचिंग से घर लौट रहे 14 वर्षीय छात्र पर कथित रूप से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल छात्र का उपचार चल रहा है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, होरिलपुर गांव निवासी प्रेमशंकर मिश्र का 14 वर्षीय पुत्र रुद्रांश सोमवार शाम करीब छह बजे कोचिंग से घर लौट रहा था। आरोप है कि बरेसर बाजार स्थित एक दुकान के सामने मनई सिंह ने उसे बुलाकर बिना किसी विवाद के लात-घूंसों और जूतों से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके गले में पड़ा गमछा खींच दिया, जिससे उसका दम घुटने लगा और वह सड़क पर गिर पड़ा। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान छात्र के साथ जातिसूचक टिप्पणी की गई और उसकी पढ़ाई बंद करा देने की धमकी दी गई। इसके बाद बेल्ट से उसकी पिटाई की गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य आरोपितों ने भी कथित रूप से छात्र के साथ मारपीट की।

Advertisement

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान युवराज नामक युवक फाइटर लेकर पहुंचा और छात्र के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद छात्र जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपितों ने मारपीट जारी रखी। परिजनों का कहना है कि हमलावरों ने उसकी गर्दन पर पैर रखकर दबाया और जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल छात्र को अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित परिवार ने आरोपितों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चंद्र कुमार यादव और विजय शंकर बिंद को घटना का प्रत्यक्षदर्शी भी बताया है।

थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page